रुड़की : रुड़की के झबरेड़ा क्षेत्र में प्रस्तावित रोजगार मेला रद्द होने के बाद बेरोजगार युवाओं का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। झबरेड़ा विधायक के सहयोग और करीब 40 निजी कंपनियों की भागीदारी से आयोजित होने वाले रोजगार मेले को सरकार के आदेश पर एक दिन पहले निरस्त कर दिया गया। इसके बावजूद आज हजारों युवा निर्धारित स्थल पर नौकरी की उम्मीद लेकर पहुंचे, लेकिन वहां मेला न लगने पर उनका गुस्सा फूट पड़ा।
नाराज़ युवाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया और रोजगार मेला रद्द करने के फैसले को युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय बताया। प्रदर्शन कर रहे युवाओं का आरोप था कि इस मेले से केवल झबरेड़ा ही नहीं, बल्कि आसपास की कई विधानसभा क्षेत्रों के हजारों बेरोजगारों को रोजगार मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अंतिम समय में इसे रद्द कर उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया गया।
युवाओं का कहना है कि सरकार ने बारिश का हवाला देकर रोजगार मेले को निरस्त किया, जबकि वे इस फैसले को पूरी तरह अनुचित मानते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर युवाओं के रोजगार के साथ इसी तरह खिलवाड़ होता रहा तो इसका जवाब वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में दिया जाएगा।
[…] Source link […]