हरिद्वार : हरिद्वार में पंजीकृत श्रमिकों के स्वास्थ्य देखभाल और बुनियादी जरूरतों के लिए रोशनाबाद स्थित कम्युनिटी हॉल में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सहायक श्रमायुक्त कार्यालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में ‘मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना’ के तहत 2 नई मेडिकल मोबाइल वैन का शुभारंभ किया गया, साथ ही सैकड़ों श्रमिकों को स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण से जुड़ी विभिन्न किटों का वितरण किया गया।
हरिद्वार के श्रमिकों को मिला मुफ़्त राशन और हेल्थ किट
मुख्य अतिथि रानीपुर विधायक आदेश चौहान और भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर तथा वैन का फीता काटकर कार्यक्रम की शुरुआत की श्रमिकों को तीन प्रमुख किटों का वितरण हुआ।
- मुख्यमंत्री श्रमिक स्वच्छता सामग्री किट: श्रमिकों के व्यक्तिगत स्वास्थ्य और स्वच्छता को बनाए रखने के लिए।
- मुख्यमंत्री श्रमिक शिक्षण सामग्री किट: श्रमिक परिवारों के बच्चों की पढ़ाई-लिखाई को बढ़ावा देने हेतु।
- मुख्यमंत्री श्रमिक पोषण योजना किट: श्रमिकों और उनके परिवार के बेहतर खान-पान व पोषण के लिए।
गांव-गांव जाकर होंगी 44 प्रकार की नि:शुल्क जांचें
विधायक आदेश चौहान ने बताया कि यह दोनों मोबाइल वैन पूरे जनपद में भ्रमण करेंगी और श्रमिकों की 44 प्रकार की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांचें करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार श्रमिकों की आर्थिक और सामाजिक मजबूती के लिए लगातार काम कर रही है।
पंजीकरण कराकर उठाएं योजनाओं का लाभ
भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि देश को विकसित बनाने में श्रमिकों के परिश्रम का सबसे बड़ा योगदान है। वहीं, सहायक श्रमायुक्त प्रशांत कुमार ने सभी अपंजीकृत मनरेगा और निर्माण श्रमिकों से जल्द से जल्द अपना पंजीकरण कराने की अपील की, ताकि उन्हें विवाह, प्रसूति, पेंशन व बाल कल्याण जैसी योजनाओं का लाभ मिल सके।