Homeराज्यउत्तराखण्डहेतमपुर में जानलेवा हमले के दो आरोपी गिरफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश...

हेतमपुर में जानलेवा हमले के दो आरोपी गिरफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

हरिद्वार : सिडकुल थाना क्षेत्र के हेतमपुर में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।

10 जून को हुआ था जानलेवा हमला : पुलिस के अनुसार, बीती 10 जून 2026 को हेतमपुर निवासी सचिन ने सिडकुल थाने में शिकायत दर्ज कर बताया था कि विशाल और उसके 9-10 साथियों ने एक राय होकर उसके भाई, जीजा और दोस्तों पर लाठी, डंडों तथा तलवारों से हमला कर दिया था। इस हमले में कई लोग घायल हुए थे। शिकायत के आधार पर सिडकुल थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से पुलिस को सफलता : घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया। मामले की विवेचना कर रहे उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों से प्राप्त गोपनीय सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने दो मुख्य आरोपि सूरज उर्फ गोलू पुत्र प्रवीन (19 वर्ष) और विशाल पुत्र स्व. रविंदर उर्फ पप्पू (20 वर्ष) को पकड़ने में कामयाब रही। दोनों आरोपी हेतमपुर, सिडकुल क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी :  पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और पुलिस विभिन्न माध्यमों से उनकी तलाश में जुटी हुई है। सीओ सदर सुरेन्द्र प्रसाद बलूनी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति फरार आरोपियों को शरण देता है या उन्हें संरक्षण प्रदान करता है, तो उसके विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस शेष आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए न्यायालय से कुर्की की कार्रवाई भी जल्द शुरू करेगी।

Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES

Most Popular