हरिद्वार : हरिद्वार में आगामी कांवड़ यात्रा और महाकुंभ के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मेलाधिकारी सोनिका ने गुरुवार को एनएचएआई (NHAI) के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने एनएच परियोजनाओं के कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए उन्हें युद्धस्तर पर काम पूरा करने की चेतावनी दी।
धीमी गति पर जताई नाराजगी : एचआरडीए सभागार में आयोजित बैठक में मेलाधिकारी ने हरिद्वार बाईपास-रिंग रोड, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के हरिद्वार स्पर और हरिद्वार-नगीना मार्ग समेत अन्य प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा की। कार्यों की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त करते हुए सोनिका ने निर्देश दिए कि निर्माण स्थलों पर संसाधनों और वाहनों की संख्या तत्काल बढ़ाई जाए, ताकि काम की गति में तेजी लाई जा सके।
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर प्राथमिकता : मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से जगजीतपुर और बहादराबाद क्षेत्र में चल रहे कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा प्रबंधन के साथ-साथ सौंदर्यकरण और हरित आवरण बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जाए।
जिलाधिकारी ने दी सख्त चेतावनी : बैठक में उपस्थित जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने भी अधिकारियों को कड़े लहजे में चेताया, उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्यों के कारण कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात बाधित हुआ या कोई अव्यवस्था फैली, तो संबंधित परियोजना अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
[…] Source link […]