Homeराज्यउत्तराखण्डलोहाघाट-पिथौरागढ़ मार्ग पर दर्दनाक हादसा: 250 मीटर गहरी खाई में गिरी कार...

लोहाघाट-पिथौरागढ़ मार्ग पर दर्दनाक हादसा: 250 मीटर गहरी खाई में गिरी कार में लगी आग, दो की मौत, तीन गंभीर घायल

लोहाघाट, चंपावत: चंपावत जिले के लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बंतोली गांव के समीप एक कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। खाई में गिरते ही वाहन में आग लग गई, जिससे दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जिले के कनालीछीना क्षेत्र की ओर जा रही कार मरोड़ाखान से लगभग दो किलोमीटर आगे बंतोली गांव के ऊपर एनएच पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि वाहन गहरी खाई में गिरने के बाद जोरदार धमाके के साथ आग की चपेट में आ गया।
हादसे में वाहन चालक राजेन्द्र कुमार (48 वर्ष), निवासी डीडीहाट की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार बलदेव कुमार (36 वर्ष), निवासी कनालीछीना, पिथौरागढ़ वाहन में आग लगने से गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी भी मौत हो गई।
दुर्घटना में बलदेव कुमार की पत्नी नीतू देवी (36 वर्ष), पुत्री अक्षिता (8 वर्ष) तथा पुत्र आरव (5 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस फायर एवं एसडीआरएफ राहत-बचाव दल की मदद से तीनों घायलों को खाई से निकालकर आपातकालीन वाहन के माध्यम से उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
चिकित्सा अधीक्षक के अनुसार तीनों घायलों को गंभीर चोटें आई हैं और चिकित्सकों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है।

Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES

Most Popular