हरिद्वार : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को हरिद्वार दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने विश्व हिंदू परिषद द्वारा आयोजित दो दिवसीय केंद्रीय मार्गदर्शन मंडल की बैठक में प्रतिभाग किया। बैठक में देशभर से आए संत-महात्माओं और धार्मिक नेताओं ने हिस्सा लिया।
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उन्हें इस महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने का अवसर मिला, जहां राष्ट्र की उन्नति, समग्र विकास, सनातन संस्कृति के संरक्षण और भारत को विश्वगुरु बनाने जैसे विषयों पर व्यापक चिंतन और मंथन किया गया। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद की बैठकों में हमेशा राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता और देश के सामने मौजूद चुनौतियों पर गंभीर चर्चा होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद वर्षों से देश की सुरक्षा, सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी संतों और धर्माचार्यों का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा उनके मार्गदर्शन को समाज और राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण बताया।
सीएम धामी ने कहा कि वर्तमान समय में उत्तराखंड में चारधाम यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है, वहीं वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले महाकुंभ की तैयारियां भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने सभी संत-महात्माओं को वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले महाकुंभ में आने का निमंत्रण दिया है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि संत समाज का आशीर्वाद और मार्गदर्शन आगामी महाकुंभ को दिव्य और भव्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महाकुंभ के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से कर रही है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 जून को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि योग दिवस को भव्य और सफल बनाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं।
[…] Source link […]