Homeराज्यउत्तराखण्डनहाय-खाय के साथ छठ महापर्व का शुभारंभ, घाटों की सफाई में जुटी...

नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व का शुभारंभ, घाटों की सफाई में जुटी बिहार महासभा

रूद्रप्रयाग : लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गई। छठ पर्व को लेकर देहरादून में भी तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बिहार महासभा उत्तराखंड की ओर से टपकेश्वर महादेव मंदिर स्थित छठ घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।

नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व का शुभारंभ

महासभा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने घाट की साफ-सफाई की साथ ही घाट पर क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत का कार्य भी कराया जा रहा है। इस दौरान सभी ने नहाय-खाय का प्रसाद ग्रहण किया। छठ महापर्व के पहले दिन नहाय-खाय के अवसर पर व्रती स्नान कर शुद्धता के साथ लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत हो जाती है। बिहार महासभा के अध्यक्ष लल्लन सिंह ने सभी प्रदेशवासियों, बिहार और पूर्वांचल के लोगों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि व्रतियों की सुविधा को देखते हुए टपकेश्वर घाट पर चेंजिंग रूम, भोजपुरी गीत-संगीत और सुबह अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है।

घाटों की सफाई में जुटी बिहार महासभा

वहीं प्रेमनगर नदी और चंद्रमणि घाट पर भी महासभा की ओर से श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं। अध्यक्ष लल्लन सिंह के मुताबिक, टपकेश्वर घाट पर छठ पूजा के दौरान करीब छह से सात हजार श्रद्धालु पहुंचते हैं, जबकि प्रेमनगर नदी पर लगभग 20 हजार और चंद्रमणि घाट पर आठ से नौ हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि शनिवार को खरना होगा, जिसमें व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को खीर का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद रविवार 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।

सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का होगा समापन

सोमवार 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का समापन होगा। लल्लन सिंह ने कहा कि छठ ऐसा पर्व है, जिसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य की उपासना की जाती है। उन्होंने सरकार से 16 नवंबर को छठ व्रतियों की सुविधा को देखते हुए एक दिन का सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग भी की। उनका कहना है कि सरकारी और निजी संस्थानों में काम करने वाले कई श्रद्धालुओं को व्रत और पूजा के दौरान ड्यूटी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सरकार को श्रद्धालुओं की आस्था और भावनाओं को समझते हुए अवकाश घोषित करना चाहिए।

Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES
spot_img

Most Popular