रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहाँ पर महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर तीन अज्ञात युवकों ने महिला के दोस्त पर स्टील पाइप से हमला किया. इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसके बाद पुलिस ने उसकी शिकायत के आधार पर मुकादमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
रुद्रपुर में रात को टहल रही महिला से छेड़खानी का आरोप
दरअसल, भूरारानी क्षेत्र के रहने वाले एक युवक ने कोतवाली रुद्रपुर में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 12 मार्च की रात वो अपनी महिला मित्र के साथ खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहा था. इसी दौरान नवीनखेड़ा इलाके के एक फार्म में रहने वाले पिंटू, उमेश और चंदन वहां पहुंच गए. आरोप है कि तीनों युवकों ने महिला मित्र को देखकर फब्तियां कसनी शुरू कर दीं और उसके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की.
महिला के मित्र द्वारा विरोध करने पर किया हमला
लेकिन जब युवक ने इसका विरोध किया और उन्हें ऐसा करने से रोका, तो तीनों आरोपी भड़क गए. इसके बाद उन्होंने मिलकर युवक पर हमला कर दिया. पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने स्टील के पाइप से उसके सिर पर जोरदार वार किया, जिससे उसका सिर फट गया और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा. गंभीर चोट लगने के कारण वह कुछ समय के लिए बेहोश भी हो गया.
घटना में आरोपी गंभीर घायल, आरोपी फरार
इसके बाद आरोपी युवक को घायल हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए. पीड़ित का कहना है कि जाते समय आरोपियों ने उसे धमकी भी दी कि अगर उसने पुलिस में शिकायत की तो उसे जान से मार दिया जाएगा. घटना के बाद घायल युवक को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर पर छह टांके लगाए. इसके अलावा उसके चेहरे, हाथ, पीठ, कंधे, आंख के नीचे और कोहनी पर भी गंभीर चोटें आई हैं.
पीड़ित की शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ मुकदमा
पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं, एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.