रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक युवक रिहायशी इलाके में फिल्मी अंदाज़ में खुलेआम फायरिंग करता दिखाई दे रहा है. विडियो के सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
रुड़की में बैखोफ़ युवक की सरेआम फायरिंग से दहशत
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत अब कुछ युवाओं के लिए कानून और सुरक्षा से भी ऊपर होती नजर आ रही है. एक वायरल विडियो रुड़की के माधोपुर गांव से समाने आया है. जिसने सोशल मीडिया की सनक का एक खतरनाक चेहरा उजागर कर दिया है.
विडियो सामने आने से इलाके में दहशत
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक बिना किसी डर के हवा में गोलियां दाग रहा है. उसके कंधे पर बंदूक टंगी है और चेहरे पर अजीब सा आत्मविश्वास या यूं कहें कि कानून का कोई खौफ दिखाई नहीं देता. वो रिहायशी इलाके में इस तरह फायरिंग कर रहा है मानो किसी फिल्म का दृश्य चल रहा हो.
जिस स्थान पर ये फायरिंग की गई, वहां बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की मौजूदगी से इनकार नहीं किया जा सकता. ऐसे में यदि कोई गोली अनियंत्रित होकर किसी को लग जाती, तो परिणाम बेहद गंभीर हो सकते थे. इसलिए ये घटना केवल एक वायरल वीडियो भर नहीं, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बन गई है.
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद, गंगनहर कोतवाली पुलिस हरकत में आ गई. पुलिस ने वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. इसके साथ ही फायरिंग करने वाले युवक की शिनाख्त के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं. आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि आरोपी तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके.



