HomeUncategorizedऋषिकेश: शगुन वेडिंग पॉइंट में भीषण आग, लाखों का नुकसान

ऋषिकेश: शगुन वेडिंग पॉइंट में भीषण आग, लाखों का नुकसान

ऋषिकेश। शहर के आरपीएस स्कूल के निकट स्थित शगुन वेडिंग पॉइंट में शुक्रवार तड़के भीषण आग लग गई, जिससे पूरे वेडिंग हॉल का सामान और पांच वाहन जलकर खाक हो गए। आग इतनी भयंकर थी कि एक के बाद एक कुल छह दमकल वाहन मौके पर बुलाने पड़े। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
सूचना मिलते ही ऋषिकेश फायर स्टेशन से एक दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए नरेंद्रनगर और हरिद्वार से अतिरिक्त पांच फायर टेंडर बुलाए गए। दमकल कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास की बिल्डिंगों को आग की चपेट में आने से बचा लिया।
तड़के 4:30 बजे उठीं लपटें, मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे वेडिंग पॉइंट से अचानक धुएं और आग की तेज लपटें उठने लगीं। घटना के समय लोग सो रहे थे, लेकिन आग देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। पास ही रहने वाले एक व्यक्ति ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी।
पुलिस और फायर टीम मौके पर
सूचना मिलते ही कोतवाल प्रदीप राणा और फायर अधिकारी सुनील सिंह दमकल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग पर अब पूरी तरह काबू पा लिया गया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की मुख्य वजह माना जा रहा है।
 पांच वाहन और सारा टेंट सामान जलकर राख
आग में दो लोडर, एक पिकअप वाहन, एक कार और एक मोटरसाइकिल जलकर राख हो गए। इसके अलावा टेंट, डेकोरेशन और अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। नुकसान का अनुमान लाखों रुपये में लगाया जा रहा है।
 जांच जारी
फायर डिपार्टमेंट ने आग लगने की घटना की आधिकारिक जांच शुरू कर दी है। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा नुकसान और भी ज्यादा हो सकता था।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular