पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से एक दुखद घटना सामने आई है. जहां एक तीन साल की मासूम बच्ची की तालाब में गिर गई, जिससे उसकी मौके ही मौत हो गई. इस पूरी घटना से इलाके में मातम पसरा हुआ है.
दादी के साथ खेतों में गई थी मासूम
जानकारी के मुताबिक, पिथौरागढ़ जिले के पाली गांव के कुलदीप चंद की तीन साल की बेटी अपनी दादी के साथ खेतों में गई थी. इस दौरान दादी पशुओं के लिए चारा काट रही थीं और बच्ची पास ही खेल रही थी. लेकिन जब कुछ देर बाद दादी ने पोती को आवाज लगाई तो वो आसपास दिखाई नहीं दी. इसके बाद दादी घबरा गईं और उसने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी.
तालाब में डूबने से मासूम की मौत
ग्रामीणों ने मिलकर बच्ची की तलाश शुरू की और थोड़ी देर बाद वो घर के पास स्थित तालाब में पड़ी मिली. इसके बाद परिजन तुरंत बच्ची को करीब 18 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. प्रशांत अधिकारी के मुताबिक, तालाब में डूबने के कारण बच्ची के फेफड़ों में पानी भर गया था, जिससे उसकी मौत हो गई.
घटना के बाद से परिजनों में पसरा मातम
इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. बच्ची की दादी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं बच्ची के पिता कुलदीप चंद भारतीय सेना में तैनात हैं और उन्हें भी इस दुखद घटना की जानकारी दे दी गई है.