मसूरी : मसूरी में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार की देर षाम को अपर माल रोड स्थित बेकरी हिल के पास अचानक एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ की चपेट में एक कार और तीन स्कूटी आ गईं। गनीमत रही कि घटना के समय वाहनों में कोई सवार नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मसूरी अपर माल रोड पर गिरा विशाल पेड़
पेड़ गिरते ही अपर माल रोड पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, फायर सर्विस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त अभियान चलाकर कटर मशीन से पेड़ को काटकर हटाया गया, जिसके बाद यातायात सुचारु कराया गया।
कार व तीन स्कूटी दबीं, बड़ा हादसा टला
फायर सर्विस के अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस और वन विभाग के सहयोग से कुछ ही समय में सड़क से पेड़ हटाकर मार्ग खोल दिया गया। वन विभाग के वन दरोगा अभिशेक सजवाण ने बताया कि लगातार बारिश के चलते कई पुराने और जर्जर पेड़ गिरने की स्थिति में हैं।
ऐसे पेड़ों को चिन्हित किया जा रहा है तथा समय-समय पर उनकी लॉपिंग और जरूरत पड़ने पर हटाने की कार्रवाई की जाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश के दौरान पेड़ों और पहाड़ी ढलानों के पास वाहन खड़े न करें तथा सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।