Homeराज्यउत्तराखण्डहरिद्वार में बड़ा सड़क हादसा: ट्रांसफॉर्मर से टकराई रोडवेज बस, मौके पर...

हरिद्वार में बड़ा सड़क हादसा: ट्रांसफॉर्मर से टकराई रोडवेज बस, मौके पर मचा हड़कंप l

हरिद्वार: उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला हरिद्वार जिले के हरिद्वार-लक्सर मार्ग से सामने आया है, जहां आज सुबह करीब 11 बजकर 20 मिनट पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

घटना के अनुसार, यात्रियों से भरी एक रोडवेज बस अनियंत्रित होकर बिजली के ट्रांसफॉर्मर से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस के चालक को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ गया, जिससे वह वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार बस पहले बिजली के पोल से टकराई और फिर सीधे ट्रांसफॉर्मर में जा घुसी।

जैसे ही बस ट्रांसफॉर्मर से टकराई, उसमें करंट दौड़ पड़ा और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। लोग घबराकर बस से कूदने लगे। इस दौरान कुछ यात्रियों को हल्की चोटें भी आईं। गनीमत रही कि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। तुरंत पुलिस और बिजली विभाग की टीम को बुलाया गया। अधिकारियों ने बिजली सप्लाई बंद कर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और ट्रैफिक को नियंत्रित किया।

बस में उस समय बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सहित बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। हादसे के दौरान अमावस्या स्नान होने के कारण हरिद्वार में पहले से ही भीड़भाड़ थी। जिस मार्ग पर यह हादसा हुआ, वहां सामान्य दिनों में भी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। हादसे के चलते कुछ देर के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।

कई राहगीरों ने इस घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जबकि कुछ लोगों ने साहस दिखाते हुए बस में फंसे यात्रियों की मदद की। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य हो सकी और यातायात फिर से सुचारू रूप से शुरू हुआ।

ड्राइवर की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular