मसूरी : लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार सुबह मसूरी एसडीएम कार्यालय परिसर स्थित सरकारी आवासों पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अचानक पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर कर्मचारी गोविंद सिंह नेगी के आवास पर आ गिरा। भारी चट्टान पत्थर की दीवार तोड़ते हुए कमरे तक पहुंच गई। उस समय कमरे में गोविंद सिंह नेगी, उनकी पत्नी और छोटा बच्चा मौजूद थे। गनीमत रही कि परिवार सुरक्षित बच गया, हालांकि उनकी पत्नी को मामूली चोट आई है।गोविंद सिंह ने बताया कि तेज धमाके की आवाज के साथ चट्टान सीधे कमरे की दीवार से टकराई। यदि दीवार पत्थर की बजाय ईंट की होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने बताया कि एसडीएम कार्यालय परिसर के अंग्रेजों के समय के बने जर्जर सरकारी आवासों में करीब पांच परिवार रहते हैं और बरसात के दौरान अक्सर पहाड़ी से पत्थर गिरते रहते हैं।
घटना की सूचना एसडीएम राहुल आनंद को दे दी गई है। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। कर्मचारियों ने जर्जर भवनों के पुनर्निर्माण और आवासों के पीछे दरकी पहाड़ी के वैज्ञानिक ट्रीटमेंट की मांग करते हुए कहा कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
मसूरी में टला बड़ा हादसा: सरकारी आवास पर दीवार तोड़ कमरे में घुसी चट्टान…
RELATED ARTICLES