Home राज्य उत्तराखण्ड 25 लाख श्रद्धालुओं की आस्था का बना साक्षी माँ पूर्णागिरि मेला 2026,...

25 लाख श्रद्धालुओं की आस्था का बना साक्षी माँ पूर्णागिरि मेला 2026, डीएम मनीष कुमार ने किया औपचारिक समापन

0
CHAMPAWAT

चम्पावत : उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माँ पूर्णागिरि धाम में आयोजित वर्ष 2026 के ऐतिहासिक माँ पूर्णागिरि मेले का सोमवार को विधिवत और गरिमामय माहौल में औपचारिक समापन कर दिया गया है। मेले का शुभारंभ गत 27 फरवरी 2026 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया गया था, जबकि सोमवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मेले के औपचारिक समापन की घोषणा करते हुए इसे सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन बताया।

25 लाख श्रद्धालुओं की आस्था का बना साक्षी माँ पूर्णागिरि मेला 2026

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि माँ पूर्णागिरि के आशीर्वाद तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व में इस वर्ष का मेला अभूतपूर्व रूप से सफल रहा। उन्होंने बताया कि मेले की अवधि में लगभग 25 लाख श्रद्धालुओं ने माँ पूर्णागिरि के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया, जबकि वर्षभर में धाम में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 50 लाख से अधिक रही है।

डीएम मनीष कुमार ने किया औपचारिक समापन

जिलाधिकारी ने मेले के सफल संचालन में योगदान देने वाले सभी विभागों, पुलिस प्रशासन, एसएसबी, स्वास्थ्य विभाग, जिला पंचायत, पूर्णागिरि मंदिर समिति, स्वयंसेवकों तथा मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रही, जिसे सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से सफलतापूर्वक सुनिश्चित किया गया।

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया गया। साथ ही पूर्णागिरि क्षेत्र के विकास के लिए रोपवे परियोजना, चूका हेलीपैड, बाटनागाड़ एवं किरोड़ा में आधारभूत संरचनाओं का निर्माण, सड़क सुधार और मंदिर सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।