चम्पावत : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दूरदर्शी सोच और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल के तहत मां पूर्णागिरि धाम को हेली सेवा से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जनपद के रमणीय चुका क्षेत्र में लधिया नदी के किनारे आधुनिक हेलीपैड का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है।
अब हेली सेवा से जुड़ेगा मां पूर्णागिरि धाम
लोक निर्माण विभाग चम्पावत के अधिशासी अभियंता एम.सी. पलाड़िया ने बताया कि करीब 1.88 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस अत्याधुनिक हेलीपैड पर एक साथ तीन हेलीकॉप्टर उतर सकेंगे। यह परियोजना न केवल श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को आसान बनाएगी। बल्कि क्षेत्रीय संपर्क, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं को भी मजबूती प्रदान करेगी।
चूका में बन रहा हाईटेक हेलीपैड
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। प्रशासन का मानना है कि हेली सेवा शुरू होने के बाद मां पूर्णागिरि धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। नेपाल सीमा और एनएचपीसी क्षेत्र के समीप स्थित चुका क्षेत्र में बन रहा यह हेलीपैड सुरक्षा की दृष्टि से भी बेहद अहम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी की महत्वाकांक्षी योजना के तहत चुका को वेडिंग डेस्टिनेशन और पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की दिशा में भी यह परियोजना मील का पत्थर साबित होगी। अधिशासी अभियंता के अनुसार निर्माण कार्य अप्रैल माह से शुरू हो चुका है और अब तक लगभग 40 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। विभाग ने सितंबर माह तक हेलीपैड निर्माण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया है।
