चंपावत : सीमांत जनपद चम्पावत के लटोली गांव के निवासी एवं भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी को राष्ट्र के प्रति उनकी असाधारण और विशिष्ट सैन्य सेवाओं के लिए द्रौपदी मुर्मू ने 29 जून 2026 को परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM) से सम्मानित किया। इस प्रतिष्ठित सम्मान के बाद पूरे चम्पावत में खुशी और गर्व का माहौल है।
लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी को मिला परम विशिष्ट सेवा मेडल
लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी ने अपने लंबे सैन्य जीवन में कई महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण अभियानों का सफल नेतृत्व किया। उन्होंने ऑपरेशन पवन, पूर्वोत्तर भारत में आतंकवाद विरोधी अभियानों और ऑपरेशन रक्षक में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा उन्होंने भारतीय सेना की प्रतिष्ठित स्ट्राइक वन कोर के कमांडर और महू स्थित इन्फैंट्री स्कूल के कमांडेंट के रूप में भी अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दीं।
इस खबर से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल
उनकी उत्कृष्ट सैन्य सेवाओं को पहले भी अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) और सेना मेडल (SM) से सम्मानित किया जा चुका है। अब परम विशिष्ट सेवा मेडल मिलना उनके अद्वितीय नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का सर्वोच्च सम्मान माना जा रहा है।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी ने अपनी वीरता, अनुशासन और उत्कृष्ट नेतृत्व से न केवल चम्पावत और उत्तराखंड बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह सम्मान पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है।