हल्द्वानी : हल्द्वानी में बुधवार सुबह मूसलाधार बारिश के कारण बड़ा हादसा हो गया। तेज बारिश से शहर के कई नाले उफान पर आ गए हैं और पानी का बहाव बेहद तेज हो गया है। इसी दौरान कोतवाली क्षेत्र में स्थित फायर ब्रिगेड कार्यालय के पीछे बहने वाली सिंचाई नहर में एक कार अनियंत्रित होकर गिर गई। कार में कुल सात लोग सवार थे। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक मासूम बच्चा भी शामिल है। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें सुशील तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार गिरते ही पलट गई और पानी के तेज बहाव में बहते हुए कुछ दूरी पर पुलिया में जाकर फंस गई। पलटने के कारण कार का निचला हिस्सा पानी में दब गया और पानी तेजी से कार के भीतर भरता चला गया। अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। कार के शीशे तोड़कर सभी को बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक चार लोगों की जान जा चुकी थी, जबकि तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने जानकारी दी कि कार में सवार सभी लोग उधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र के रहने वाले थे। उनका कहना है कि अगर कार नहर में गिरने के बाद पलटी न होती, तो संभवतः सभी लोग बच सकते थे। तेज बहाव और पलटने के कारण कार का निचला हिस्सा दब गया और पानी तेजी से अंदर भर गया, जिससे लोगों के बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया।
उधर, शहर के अन्य हिस्सों में भी बरसाती नाले उफान पर हैं। देवखड़ी, रक्सिया और कलसिया क्षेत्रों में भी तेज बहाव की स्थिति बनी हुई है। नगर आयुक्त ऋचा सिंह सुबह से ही फील्ड में मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से पहले ही नालों की सफाई करवा दी गई थी, जिससे अधिकांश स्थानों पर जलभराव की स्थिति नहीं बनी है। जहां से भी शिकायतें मिल रही हैं, वहां टीमें तुरंत मौके पर पहुंच रही हैं।
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि जब तक जरूरी न हो, घर से बाहर न निकलें। विशेष रूप से नालों और तेज बहाव वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है। फायर ब्रिगेड, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें पूरी तरह अलर्ट पर हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।
Check cool types of guards. Items grant pure time. Stream [url=https://nfj.org.uk/]gay twink porn[/url] now. Find best type smart.