Homeराज्यउत्तराखण्डचारधाम यात्रा को लेकर हरीश रावत की भावुक अपील — "निर्भय होकर...

चारधाम यात्रा को लेकर हरीश रावत की भावुक अपील — “निर्भय होकर देवभूमि आएं श्रद्धालु, भगवान आपके स्वागत को तैयार हैं”……

देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं से एक भावुक अपील जारी की है। उन्होंने गुरुवार सुबह अपने सोशल मीडिया हैंडल से एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि चारधाम के पवित्र धाम बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री पूरी तरह सुरक्षित और तैयार हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्भय होकर उत्तराखंड आने का आग्रह किया।

हरीश रावत ने कहा कि यह केवल तीर्थ यात्रा नहीं है, यह आत्मा की शांति और ईश्वर के साक्षात्कार की यात्रा है। बद्रीनाथ और केदारनाथ भगवान आपके स्वागत के लिए तैयार हैं। मां गंगा और यमुना अपने पवित्र जल से आपका अभिषेक करने को आतुर हैं। उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड को श्रद्धालुओं के चरणों से पुनः पवित्र करने की बात कही।

पूर्व मुख्यमंत्री ने इस वर्ष तीर्थयात्रियों की संख्या में गिरावट को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग तीन लाख कम श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर आए हैं, जो कि चिंतन का विषय है। रावत ने कहा कि यह आस्था और विश्वास की भूमि है और हर व्यक्ति को इस अनुभूति का अनुभव अवश्य करना चाहिए।

हरीश रावत ने राज्य की व्यवस्थाओं की भी सराहना करते हुए कहा कि यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार ने आवश्यक तैयारियाँ की हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक चुनौतियों के बावजूद राज्य ने पूरी निष्ठा के साथ व्यवस्थाओं को संभाला है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार यात्रा मार्गों पर होटल, होमस्टे, गेस्ट हाउस सहित दूरस्थ क्षेत्रों में भी आवासीय ढांचे को सुधारा गया है। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्री बिना किसी चिंता के आएं और उत्तराखंड की पारंपरिक मेहमाननवाज़ी और आस्था के अनुभव को आत्मसात करें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular