देहरादून : उत्तराखंड के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने प्रदेश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक राज्यपाल के पद पर रहने का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने पूर्व राज्यपाल सुदर्शन अग्रवाल के 1,755 दिनों के कार्यकाल को पीछे छोड़ते हुए 1,756 दिनों की सेवा पूरी कर यह उपलब्धि हासिल की।
लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने 15 सितंबर 2021 को उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में पदभार ग्रहण किया था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ शिक्षा, युवाओं, सैनिक कल्याण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाई।
1 फरवरी 1956 को पंजाब के अमृतसर जिले के जलाल उस्मान गांव में जन्मे गुरमीत सिंह ने प्रारंभिक शिक्षा सैनिक स्कूल कपूरथला से प्राप्त की। उनका परिवार भी लंबे समय से देश सेवा से जुड़ा रहा है। उनके पिता मोहिंद्र सिंह भारतीय सेना में रहे, जबकि उनके बड़े भाई ने भारतीय वायुसेना में सेवा दी। इसी पारिवारिक पृष्ठभूमि ने उनमें बचपन से ही राष्ट्रसेवा और अनुशासन के संस्कार विकसित किए।
सैन्य सेवा से लेकर संवैधानिक पद तक का उनका सफर नेतृत्व, अनुशासन और सार्वजनिक सेवा का उदाहरण माना जाता है। सबसे लंबे कार्यकाल वाले राज्यपाल बनने के साथ उन्होंने उत्तराखंड के संवैधानिक इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
[…] Source link […]