Homeराज्यउत्तराखण्डपौड़ी: घरेलू विवाद में रिश्ते शर्मसार, बड़े भाई ने किया छोटे भाई...

पौड़ी: घरेलू विवाद में रिश्ते शर्मसार, बड़े भाई ने किया छोटे भाई पर जानलेवा हमला

पौड़ी: पाबौ क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पारिवारिक रिश्तों की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां पर आपसी विवाद इस कदर बढ़ गया कि बड़े भाई ने छोटे भाई की जान लेने की नीयत से उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

बड़े भाई ने छोटे पर किया जानलेवा हमला 

दरअसल, पाबौ निवासी राकेश कुमार ने इस संबंध में कोतवाली पौड़ी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि बीती 7 फरवरी की रात उनके भाई कुलदीप सिंह और छोटे भाई राजेंद्र सिंह के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। शुरुआत में मामूली लग रहा विवाद देखते ही देखते इतना उग्र हो गया कि गुस्से में आकर कुलदीप सिंह ने राजेंद्र सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि उसने धारदार हथियार ‘पाठल’ से राजेंद्र के सिर पर जोरदार वार किया।

ग्रामीणों ने पहुँचाया युवक को अस्पताल 

हमले के बाद राजेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। इसके बाद परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उधर, तहरीर के आधार पर कोतवाली पौड़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी, सर्वेश पंवार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

पौड़ी पुलिस की विशेष टीम ने किया आरोपी को गिरफ्तार 

इसके बाद प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पौड़ी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सबसे पहले घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। साथ ही, फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने खून के नमूनों सहित अन्य भौतिक साक्ष्य एकत्र किए। लगातार दबिश और सूचना संकलन के बाद पुलिस ने आरोपी कुलदीप सिंह को मदकोली क्षेत्र के फल्दवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया।

धारदार हथियार बरामद, आरोपी को भेजा जेल 

पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार ‘पाठल’ भी बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पौड़ी भेज दिया गया।

 

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments