Homeराज्यउत्तराखण्डकार्बेट में अवैध सागौन कटान का आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल

कार्बेट में अवैध सागौन कटान का आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल

रामनगर : कार्बेट टाइगर रिजर्व में अवैध रूप से सागौन के पेड़ों के कटान के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग और पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है,आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद उसे रामनगर से गिरफ्तार किया गया,पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध भी स्वीकार कर लिया है।

कार्बेट में अवैध सागौन कटान का आरोपी गिरफ्तार

कार्बेट टाइगर रिजर्व प्रशासन ने वन अपराधों के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध सागौन कटान प्रकरण में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। ये मामला कार्बेट के बिजरानी वन क्षेत्र अंतर्गत फूलताल ब्लॉक, आमडंडा पुरानी बीट (नई प्रस्तावित रिगौड़ा बीट) के कक्ष संख्या-03 का है। जहां राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप बीते 28 मार्च को सागौन के वृक्षों का अवैध पातन किया गया था। कार्बेट के डिप्टी डायरेक्टर राहुल मिश्रा ने बताया कि घटना के बाद बिजरानी रेंज में संबंधित आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था और मामले की विवेचना लगातार जारी थी।

आरोपी के खिलाफ जारी किया गया था गैर-जमानती वारंट जारी

जांच के दौरान ग्राम बच्चीपुर धमोला निवासी सुलेमान पुत्र शमशेर अली की संलिप्तता सामने आई। उन्होंने बताया कि जांच अधिकारी द्वारा आरोपी को कई बार नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया गया, लेकिन वो लगातार अनुपस्थित रहा और फरार हो गया। आरोपी की लगातार गैर-हाजिरी को देखते हुए वन विभाग ने न्यायालय रामनगर में गैर-जमानती वारंट जारी करने की अपील की। न्यायालय द्वारा वारंट जारी किए जाने के बाद पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई शुरू की गई।

गैर-जमानती वारंट के अनुपालन में रामनगर पुलिस ने देर शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कार्बेट प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जहां पार्क वार्डन बिंदर पाल सिंह द्वारा उसके बयान दर्ज किए गए। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया।

कोर्ट ने आरोपी को भेजा जेल

आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। उपनिदेशक राहुल मिश्रा ने कहा कि कार्बेट टाइगर रिजर्व प्रशासन वन और वन्यजीव अपराधों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति पर कार्य कर रहा है। वन संपदा और प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जंगलों और वन्यजीवों की सुरक्षा कार्बेट प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा।

Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular