देहरादून- उत्तराखंड में देर रात करीब तीन बजे अचानक मौसम ने करवट बदली और आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई।वहीं केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में बर्फबारी भी हुई है। बारिश और बर्फबारी से कुछ दिन लगातार बढ़ रहे तापमान से राहत मिली है। वहीं देर रात हुई बारिश का सिलसिला राज्य के कुछ इलाकों में सुबह तक जारी रहा। हालांकि रात को बारिश होने के बाद राजधानी देहरादून में धूप खिल गई। वहीं आज तड़के बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में हल्की बर्फबारी हुई है। जिससे निचले इलाकों में ठंड बढ़ गई है। कर्णप्रयाग और टिहरी में रात से सुबह तक रुक-रुक कर बारिश जारी रही। उत्तरकाशी के बड़कोट में यमुनोत्री घाटी में भी मध्य रात्री से रिमझिम बारिश हुई। वहीं अगले कुछ दिनों में भी तापमान में इजाफा होने के आसार हैं। इससे गर्मी बढ़ सकती है। इस बार पक्षिमी विक्षोभ का असर कम होने के कारण लगातार पारा चढ़ रहा है।वहीं हेमकुंड साहिब में इन दिनों चार फीट बर्फ जमी हुई है।