हरिद्वार- हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में लिव इन में रह रही मध्यप्रदेश की युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वहीं, युवती का प्रेमी उसकी सहेली के साथ फरार है। युवती का शव सूटकेस में बंद बाथरूम के अंदर रखा हुआ था। जानकारी के अनुसार, हत्या से पहले युवती के हाथ पैर बांध दिए गए थे। यही नहीं हत्या करने के बाद आधे शव को प्लास्टिक के कट्टे में डाल दिया गया था और आधे शव को गर्म कपड़े से बांधा गया था। फिर शव को कपड़े की अटैची के अंदर डाला गया था। जब पुलिस बाथरूम में पहुंची तो नल खुला हुआ था। शायद कातिल ने यह सोचकर नल चलाया हो कि युवती के शव से बदबू न उठे। पर, भयंकर गर्मी होने के कारण शव फूलना शुरू हो चुका था। इसलिए बदबू भी शुरू हो गई थी। कमरा चैथी मंजिल पर था, लिहाजा उसे ठिकाने लगाना भी संभव नहीं था। जांच में पता चला कि दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, पड़ोसियों ने बताया कि युवती की एक सहेली भी उसी बिल्डिंग में रहती है, लेकिन वह भी युवक के साथ फरार हो चुकी है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि हत्या में उसका भी हाथ है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।



