पौड़ी- उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल जिले के पाबौ ब्लॉक के किलभौंरी गांव में 10 वर्षीय एक बच्ची को गुलदार ने अपना शिकार बना लिया। घुड़दौड़स्यूं पट्टी में घटी इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। गांव और आस पास के लोगों में दहशत का माहौल है। बच्ची अपनी मां के साथ बुधवार की शाम को खेत में गई थी, तभी अचानक पास की झाड़ियों में छुपा गुलदार बच्ची को उठाकर जंगल में ले गया। इस दौरान बच्ची मदद के लिए शोर मचाती रही, लेकिन कोई उसके पास पहुंच पाता उससे पहले ही बच्ची ने दम तोड़ दिया था। बच्ची की मौत के बाद से उसकी मां का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं घटना के बाद से गुस्साए ग्रामीणों में गुस्सा है। ग्रामीण पीड़ित परिवार को मुआवजा और आदमखोर गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग कर रहे है। फिलहाल, वन विभाग की टीम घने जंगल में हमलावर गुलदार की तलाश में जुटी है।