मसूरी- पहाड़ों की रानी मसूरी में एक पर्यटक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार अंबेडकर चौक के पास कैमल बैक रोड पर स्थित कमल रतन गेस्ट हाउस में मंगोलपुरी दिल्ली निवासी 33 वर्षीय श्याम कुमार ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। जिसके क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि शयाम कुमार अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ 19 अगस्त को मसूरी घूमने के लिए आया था और उनको बुधवार को वापस दिल्ली जाना था। स्थानीय लोगों ने बताया कि देर रात श्याम कुमार और उसके पत्नी व रिश्तेदारों के बीच काफी जोरों से झगड़ा हो रहा था, जिसके बाद लोगों ने झगड़े को शांत कराया। सुबह जब श्याम कुमार का साला दीपक उनको कमरे पर वापस जाने के लिये उठाने के लिए गया तो उसने देखा कि वह फांसी से लटके हुए हैं जिसके बाद उन्होंने तत्काल मसूरी पुलिस को सूचना दी। आत्महत्या की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं अनधिकृत रूप से चल रहे गेस्ट हाउस को भी सील कर दिया। एसआई सूरज कंडारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मृतक द्वारा फांसी लगाने से पहले काफी शराब पी गई थी। उन्होंने कहा कि कमरे से शराब की बोतलें और शराब से भरा हुआ गिलास भी बरामद हुआ है। पुलिस सभी पहलूओं पर जांच कर रही है। वहीं, मृतक द्वारा अपनी पत्नी को फोन पर मैसेज कर आत्महत्या करने की सूचना दी थी। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा मृतक की पत्नी और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है।पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता लग पाएगा। मृतक की पत्नी ने बताया कि देर रात को मृतक ने काफी शराब पी रखी थी। जिसके बाद उनसे काफी झगड़ा किया। वहीं उनके भाई और भाभी ने बीच-बचाव कर उसे दूसरे कमरे में लाया गया। रात को नीचे वाले कमरे में मृतक अकेला ही था। रात करीब 11.30 बजे मृतक द्वारा उनको मैसेज करके कहा गया कि वह आत्महत्या करने जा रहा है लेकिन उन्होंने उस मैसेज पर गौर नहीं किया, क्योंकि वह इस तरीके की हरकत पहले भी करता था।



