चंपावत- पेट मे दर्द होन पर 20 साल की युवती को संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसने एक बच्चे को जन्म दिया। बच्चे के जन्म से हैरान परिजनों को समझ में नहीं आया कि यह बच्चा किसका है। फिलहाल, युवती की हालत खतरे से बाहर है, जबकि नवजात की हालत नाजुक है। इधर, युवती को मां बनाने वाला रिश्ते का जीजा बताया जा रहा है। सूचना पर मौके पर पहुंचे प्रभारी कोतवाल एसआई योगेश दत्त का कहना है कि मामले में युवती के परिजन की इच्छा पर ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्साधिकारी ने बताया कि युवती का पेट दर्द का इलाज किया जा रहा था, कि इसी दौरान उसका प्रसव हो गया। महिला चिकित्सा कर्मी आनन-फानन में उसे प्रसव कक्ष में ले गईं। युवती के शिशु के जन्म देने से उसके परिजन भी हैरत में पड़ गए। वहीं युवती की बहन ने बताया कि उसकी बहन के गर्भवती होने के बारे में परिवार में किसी को कुछ नहीं पता था। प्रसव के बाद ही सबको पता चला। बहन ने आरोप लगाया कि रिश्ते के एक जीजा ने उसकी बहन को अपने प्रेमजाल में फंसाकर यह सब किया है। बहरहाल, अब युवती के परिजनों का कहना है कि बिन ब्याही मां बनाने वाले रिश्ते के जीजा और उसके परिवार से संपर्क नहीं हो पा रहा है। रिश्ते का जीजा यदि पीड़ित युवती से विवाह रचाने को तैयार होगा तो ठीक, नहीं तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
