देहरादून- अफगानिस्तान और आयरलैंड के बीच राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शुरू होने वाली क्रिकेट सीरीज का काउंट डाउन शुरू हो गया है। इसी कड़ी मे अपने घरेलू मैदान में लगातार दूसरी सीरीज जीतने के लिए अफगानिस्तान की टीम 10 फरवरी को देहरादून पहुंच रही है। वहीं, मेहमान आयलैंड की टीम 18 फरवरी को देहरादून पहुंचेगी। जिसके बाद राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम देहरादून में 21 फरवरी से 19 मार्च तक क्रिकेट का महासंग्राम चलेगा। स्टेडियम को अपना होम ग्राउंड बनाने के बाद अफगानिस्तान दूसरी बार इस मैदान में सीरीज खेलने आ रही है। विश्वकप से पहले अफगानिस्तान इस स्टेडियम में आयरलैंड के खिलाफ 3 टी-20 मैचों की सीरीज खेलेगी। इसके बाद 5 वनडे मैचों की सीरीज और एक टेस्ट मैच भी खेला जाएगा। एक महीने के लंबे कार्यक्रम की तैयारियों के लिए अफगानिस्तान की टीम 10 फरवरी को दून पहुंचेगी। 12 फरवरी से टीम प्रैक्टिस शुरू करेगी। वहीं, आयरलैंड की टीम 18 फरवरी को पहुंचेगी और 19 से नेट सेशन शुरू करने की उम्मीद है। दोनों के बीच 21 फरवरी से तीन टी-20 मैचों की सीरीज होगी। शाम 7 बजे से तीनों टी-20 मैचों की शुरुआत होगी। वहीं, 28 फरवरी से पांच वनडे मैचों की सीरीज की शुरुआत होगी। सभी वनडे मुकाबले डे नाइट खेले जाएंगे और स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 2 बजे से मैच शुरू होंगे।



