देहरादून- लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा हर स्तर से खुद को मजबूत करने की कवायद में जुटी है। एक-एक सीट पर मजबूती के साथ भाजपा जीत की कवायद में जुटी है। यही वजह है कि उत्तराखंड में भी पार्टी के तमाम केंद्रीय नेता आकर केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिना रहे हैं। इसी कड़ी मे आज भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पाण्डेय ने राजधानी देहरादून में प्रेसवार्ता कर केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों पर हमला बोलते सरोज पांडे ने कहा कि केंद्र में बीजेपी सरकार ने अपने कार्यकाल में तमाम विकास कार्य किए हैं। इन विकास कार्यों के दौरान बीजेपी ने किसी तरह की राजनीति नहीं की। केंद्र सरकार ने जनहित के 129 से अधिक योजनाओं पर पूरा फोकस रखा। केंद्र सरकार ने सबका साथ सबका विकास के तहत पूरे देश के सभी क्षेत्रों में विकास कार्य किए। सवर्णों को 10% का आरक्षण दिया और बीजेपी सरकार ने किसी भी तरह से तुष्टीकरण की राजनीति नहीं की। राफेल सहित कई अन्य मामलों में बीजेपी महामंत्री ने कांग्रेस पर और राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर सीधे हमला बोला। सरोज पांडे ने कहा कि राहुल गांधी अब थोड़ा थोड़ा मैच्योर भी होने लगे हैं। सपा और बसपा के गठबंधन को लेकर बीजेपी महामंत्री ने कहा कि हम ताकतवर हैं और हमारी ताकत को देखते हुए कई दल अब एकजुट हो रहे हैं। जबकि उनके बीच आपसी तालमेल और कहीं से भी एकता नहीं है। यानी कि अलग अलग विचारधारा के लोग भी हमारे खिलाफ एकजुट हो रहे हैं, क्योंकि वह सभाी जानते है कि 2019 लोकसभा मे मोदी लहर का सामना करना आसान बात नहीं है।