रामनगर- रामनगर में कॉर्बेट नेशनल पार्क की बिजरानी रेंज आज पर्यटकों के लिए खोल दी गई। बिजरानी रेंज के रेंजर राजकुमार ने फीता काटकर शुभारंभ किया। कॉर्बेट पार्क के बिजरानी जोन में लाखों की तादाद में सैलानी घूमने आते हैं। सुबह की पहली विजिट सैलानियों से खचाखच भरी हुई थी। पहली पाली में 30 गाड़ियां बिजरानी जोन के जंगल भ्रमण पर गयी। पहली बार जंगल भ्रमण को गये सैलानी बाघ को देखने के लिये काफी लालायित दिखायी दिये। बता दें कि ऑनलाइन एडवांस बुकिंग 31 तारीख तक फुल बताई गई है। बुकिंग निरस्त होने पर सीटीआर के स्वागती कक्ष से करंट बुकिंग कराई जा सकती है। सीटीआर के उपनिदेशक अमित वर्मा ने बताया कि बिजरानी जोन में सुबह, शाम दो पालियों में 30-30 जिप्सियां जाएंगी। पार्क के बिजरानी जोन में घास के विशाल मैदानों में विचरता गजराज का झुंड, रोमांच जगाता वनराज शेर की एक झलक और तरह-तरह के जंगली जीव जंतुओं का अनूठा संसार का आनंद सैलानी अब उठा सकते हैं।