देहरादून- तीन दिवसीय दौरे पर 15वें वित्त आयोग की टीम आज दोपहर देहरादून पहुंच गई। आयोग के अध्यक्ष एनके सिंह दोपहर करीब एक बजकर 15 मिनट पर देहरादून स्थित जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंचे। यहां वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने केंद्रीय वित्त आयोग टीम का स्वागत किया। जानकारी के मुताबिक अब टीम के पहुंचने के साथ ही बैठकों के दौर शुरू हो जाएंगे। पहले चरण में आयोग राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से चर्चा करेगा और उसके बाद व शहरी स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों के सुझाव लेगा। बैठक का तीसरा दौर शासन के अधिकारियों के साथ चलेगा, जिसमें सभी विभागों के आलाधिकारियों को अपने स्तर पर पूरी तैयारी के साथ मौजूद रहने के लिए कहा गया है।
17 अक्तूबर को आयोग की टीम नैनीताल के दौरे पर रहेगी जहां पर्यटन उद्योग से जुड़े कारोबारियों के साथ एक बैठक रखी गई है। 18 अक्तूबर को आयोग दिल्ली के रवाना हो जाएगा। टीम की रवानगी तक शासन व नैनीताल जनपद के अधिकारियों को हर हाल में मुख्यालय में रहने को कहा गया है।