Tuesday, February 24, 2026
Home राज्य उत्तराखण्ड देहरादून रेलवे स्टेशन होगा स्मार्ट, स्मार्ट स्टेशन बनने के बाद मिलेगी यह...

देहरादून रेलवे स्टेशन होगा स्मार्ट, स्मार्ट स्टेशन बनने के बाद मिलेगी यह यह सुविधायें………

देहरादून- राजधानी देहरादून मे स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत देहरादून रेलवे स्टेशन को भी अब स्मार्ट बनाने की तैयारी की जा रही है। करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन को आधुनिक बनाने के लिए रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद अब स्वयं बोर्ड चेयरमैन अश्वनी लोहानी दून आ रहे हैं। नौ अक्टूबर को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की उपस्थिति में वह एमओयू पर हस्ताक्षर करेंगे। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि रेलवे स्टेशन को विकसित करने के लिए प्री-फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार कराई गई थी। इस पर पूर्व में रेलवे बोर्ड से सैद्धांतिक सहमति भी मिल चुकी थी। जबकि इसी क्रम में एक अक्टूबर को नई दिल्ली में बोर्ड चेयरमैन अश्वनी लोहानी के समक्ष स्टेशन को आधुनिक बनाने की परियोजना पर प्रस्तुतीकरण दिया गया था। बोर्ड के चेयरमैन को परियोजना पसंद आई और इसी के बाद उन्होंने नौ अक्टूबर को दून आकर एमओयू पर हस्ताक्षर करने को हामी भरी। एमओयू के बाद यह तय किया जाएगा कि परियोजना का निर्माण पीपीपी मोड में करना है, या इसके संचालन के लिए यह मोड अपनाया जाएगा। हालांकि जब भी काम शुरू होगा, उसके दो साल के भीतर परियोजना को धरातल पर उतार दिया जाएगा। बता दें कि देहरादून रेलवे स्टेशन का निर्माण ब्रिटिश राज में सन् 1899 में कराया गया था। ऐसे में तब से लेकर अभी तक देहरादून रेलवे स्टेशन में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। वहीं अब स्मार्ट सिटी योजना के तहत देहरादून रेलवे स्टेशन का कायाकल्प करने की तैयारी की जा रही है। रेलवे स्टेशन को स्मार्ट लुक देने के लिए स्टेशन परिसर में जहां स्मार्ट पार्किंग, स्मार्ट टिकट काउंटर बनाया जाएग तो वहीं रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए एक फूड कोर्ट का निर्माण भी कराया जाएगा। इसके अलावा यात्रियों के आराम करने के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस डोरमेट्री और होटल का निर्माण भी कराया जाएगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Ad 1 Ad 2