देहरादून- इन्वेस्टर्स समिट के उद्घाटन के लिए सात अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देहरादून दौरे पर आ रहे है। वहीं प्रधानमंत्री दौरे के दौरान कांग्रेस गांधी पार्क में विशाल धरना देगी। कांग्रेस पार्टी ने राफेल विमान सौदे और महंगाई को लेकर प्रधानमंत्री मोदी पर सवाल दागे हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीमत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब दोनों मामलों में चुप्पी तोड़कर जनता को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन्वेस्टर्स समिट के लिए दून आ रहे प्रधानमंत्री को पहले जनता के सवालों के जवाब देने चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि उत्तराखंड से पहले उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में भी इन्वेस्टर्स समिट हुए हैं, लेकिन उसके सार्थक परिणाम देखने को नहीं मिले। वहीं कांग्रेस पर पल्टवार करते हुए भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. देवेंद्र भसीन ने कहा कि काग्रेस मूल रूप से उत्तराखंड व विकास विरोधी मानसिकता की पार्टी है। इन्वेस्टर्स समिट के उद्घाटन के दिन कांग्रेस ने इसके विरोध की जो घोषणा की है, उससे फिर साफ हो गया है कि वह राज्य का हित नहीं चाहती। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस में उत्तराखंड के हितों व विकास के प्रति जरा भी संवेदना होती तो वह प्रधानमंत्री व देश दुनिया से आ रहे निवेशकों का स्वागत करती। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता शुरू से ही इन्वेस्टर्स समिट के विरोध में बोल रहे हैं। कांग्रेस का लगातार प्रयास रहा कि समिट को असफल करने के लिए दुष्प्रचार किया जाए, लेकिन उनके प्रयास सफल नहीं हुए।