
देहरादून{शैली श्रीवास्तव}- मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सभी प्रदेशवासियों को आजादी की 71वीं वर्षगांठ की बधाई दी है। इस अवसर पर सीएम रावत ने कहा कि पिछले 70 सालों में भारत ने एक लंबा रास्ता तय किया है। अब हमें पीएम मोदी के न्यू इंडिया के सपने को साकार करना है। न्यू इंडिया में उत्तराखंड की भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए हम पिछले करीब डेढ़ साल में पूरी इच्छाशक्ति से राज्य की सेवा में लगे हैं। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सैन्य बाहुल प्रदेश का मुख्यमंत्री होने के नाते, सैनिक भाईयों के लिए कुछ जिम्मेदारियां भी हैं। सैनिकों की समस्याओं का निस्तारण करने के लिए प्रत्येक जिले में एडीएम स्तर के नोडल अधिकारी तैनात किए हैं। सैन्य और अर्द्धसैन्य बलों के जवानों के शहीद होने पर उनके आश्रितों को राज्य सरकार द्वारा शैक्षिक योग्यता के आधार पर सेवायोजित किया जा रहा है।