
देहरादून। अनुसूचित जाति, जनजाति एक्ट के संशोधन के विरोध में 17 जून को जन चेतना रैली निकाली जाएगी। यह जानकारी अखिल भारतीय समानता मंच के पदाधिकारियों ने एक पत्रकार वार्ता में दी। प्रेस क्लब में आयोजित इस पत्रकार वार्ता में मंच के प्रांतीय अध्यक्ष वीवीएस रावत ने कहा कि एससी, एसटी एक्ट में संशोधन उचित नहीं है। श्री रावत ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार जहां इस एक्ट का प्रयोग उत्पीड़न के लिए हो रहा है, वहां अराजकता की स्थिति पैदा कर दी गई थी।
उनका कहना है कि तुष्टिकरण एवं वोट बैंक की राजनीति के कारण राजनीतिक दल पूरी तरह चुप है। उन्होंने कहा कि दलित सांसदों के दबाव में आकर सरकार न्यायालय के उक्त निर्देशों को अप्रभावी बनाना चाहती है, जिसके लिए अध्यादेश लाना चाह रही है। यह उचित नहीं है। इसके लिए मंच 17 जून को एक चेतना रैली निकालेगा। यह चेतना रैली प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में तो होगी ही, 18 राज्यों की 60 से अधिक शहरों में चेतना रैली निकाली जाएगी। वीवीएस रावत ने कहा कि इससे सवर्ण और पिछड़े वर्ग को एकजुट करने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर रवि नेगी, डॉ. मुकुल शर्मा, एलपी रतूड़ी सेत आधा दर्जन लोग उपस्थित थे।



