
देहरादून। रुड़की के गोरक्षनाथ आश्रम में हिंदूवादी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। पूर्व में की गई घोषणा के अनुसार हिंदूवादी कार्यकर्ता मालवीय चौक स्थित गुरु गोरक्षनाथ आश्रम में पूजा करने पहुंचे जहां उन्होंने धारा 144 के बाद धरना और प्रदर्शन किया। जब पुलिस ने उन्हें अंदर प्रवेश नहीं करने दिया तो कार्यकर्ताओं ने बाहर हनुमाना चालीसा का पाठ प्रारंभ कर दिया। धारा 144 लगे होने के कारण पुलिस ने उन्हें जबरन उठाने की कोशिश की जहां दोनों के बीच नोकझोंक हुई। इस पर पुलिस ने 12 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है जिसमें एक महिला भी शामिल है।
गुरु गोरक्षनाथ आश्रम के प्रमुख महंत योगी मंगलनाथ की ओर से करीब पांच माह पूर्व प्राचीन शिव मंदिर और बाबा गुलाब नाथ की समाधि का जीणोद्धार कराने के लिए निर्माण कार्य शुरू किया था। जब मंदिर के छत डालने का काम पूरा हो गया तो दो जनवरी को कुछ हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं और लोगों ने आश्रम प्रमुख पर मंदिर के बजाय कांप्लेक्स बनाने का आरोप लगाते हुए काम रुकवा दिया। उसके बाद से कार्यकर्ता लगातार आश्रम के निर्माण कार्य का विरोध कर रहे हैं। उसके बाद से यह मामला हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण में लंबित है। इसी बीच कार्यकर्ताओं ने बाबा गुलाबनाथ ट्रस्ट भी बना ली।
पुलिस ने धरने पर बैठे लोगों को जबरन उठा लिया। जिन कार्यकर्ताओं का चालान किया गया है उनमें संजय कुमार, जयदीप कुमार, शिव कुमार त्यागी, विक्की, चंदन कौशिक, किशोर धीमान, मुकेश सैनी, अजय कुमार, नीरज दीप्ती, मिथलेश चौधरी समेत 12 लोग शामिल है। बाद में पुलिस ने सभी को जमानत पर छोड़ दिया गया।
पूजा अर्चना कर मंदिर निर्माण करने पहुंचे 12 कार्यकर्ता गिरफ्तार
RELATED ARTICLES