हल्द्वानी के डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती एक बुजुर्ग महिला की कोविड-19 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। विभाग के अनुसार यह कोई गंभीर या व्यापक संक्रमण की स्थिति नहीं है, बल्कि नियमित जांच के दौरान सामने आया एक एकल (आइसोलेटेड) मामला है, जिसमें मरीज अब पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार करीब 76 वर्षीय महिला, जो उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद की निवासी हैं, निमोनिया की शिकायत के चलते इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती थीं। चिकित्सकों ने उनके लक्षणों को देखते हुए स्वाइन फ्लू (एच1एन1) की आशंका में थ्रोट स्वैब जांच कराई। जांच के दौरान कोविड-19 टेस्ट भी किया गया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार मरीज की स्थिति पूरी तरह नियंत्रित थी। उन्हें ऑक्सीजन की आवश्यकता नहीं पड़ी और एहतियात के तौर पर अलग वार्ड में आइसोलेट कर उपचार दिया गया। चिकित्सा टीम ने कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए लगातार निगरानी रखी, जिसके बाद मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो गई और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
सुशीला तिवारी हॉस्पिटल के नोडल अधिकारी करोना डॉ परमजीत सिंह ने बताया की यह मामला किसी नए संक्रमण फैलने का संकेत नहीं है। अस्पताल में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं और संक्रमण नियंत्रण संबंधी सभी प्रोटोकॉल का पालन किया गया। विभाग ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के मामलों को लेकर अनावश्यक अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराने के बजाय सामान्य सावधानियां अपनाएं। डॉक्टर परमजीत सिंह ने कहा कि अमूमन हर व्यक्ति को किसी भी भीड़भाड़ वाली जगह में जाने से पहले मास्क जरूरी लगाना चाहिए और सबसे जरुरी यह है की किसी भी अस्पताल में जाने से पहले मास्क जरूर पहने क्योंकि कई संक्रमित रोगी अपने इलाज के लिए अस्पताल पहुंचते हैं, इसलिए सावधानी के रूप में मास्क का पहनना किसी भी स्थिति में आपके औऱ दूसरे के हित में है
हल्द्वानी में कोविड-19 का मामला आया सामने, 76 वर्षीय महिला में हुई पुष्टि…
RELATED ARTICLES