हरिद्वार : सावन के पहले सोमवार पर हरिद्वार के दक्षिणेश्वर महादेव मंदिर में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शिवभक्तों के बीच पहुंचकर उन्हें फल वितरित किए और श्रद्धालुओं का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कहा कि सावन के प्रथम सोमवार और कांवड़ मेले को देखते हुए सभी प्रमुख शिवालयों में व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन और जलाभिषेक के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि पूरे कांवड़ मेला क्षेत्र में सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की गई है और प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और स्वच्छता सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय हैं। अब तक 70 लाख से अधिक शिवभक्त हरिद्वार पहुंच चुके हैं और प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगमता के साथ अपनी यात्रा पूरी कर सके।