रुड़की : 26 मार्च को रूड़की से लापता हुए 14 साल के मासूम को पुलिस ने ढूंढ निकाला है। बच्चे की बरामदगी के साथ ही हैरान कर देने वाली वजह सामने आई है। बच्चा डर या किसी दबाव के कारण घर छोड़कर नहीं गया था। बल्कि क्रिकेट के जुनून के कारण घर छोड़कर चला गया था।
रूड़की से लापता बच्चा 14 दिन बाद दिल्ली से सकुशल बरामद
रुड़की से लापता हुए 14 साल के एक किशोर की कहानी अब सुखद अंत के साथ सामने आई है, लेकिन इसके पीछे छुपी दास्तां बेहद हैरान करने वाली है। ये मामला किसी दबाव या डर का नहीं, बल्कि क्रिकेट के जुनून का है। जिसने एक मासूम को घर से दूर कई राज्यों की सैर करा दी। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र से 26 मार्च को लापता हुए इस बालक की तलाश में पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और “ऑपरेशन स्माइल” के तहत चार टीमें गठित कर दीं। कड़ी मश्क्कत के बाद टीमों ने बच्चे को सकुशल ढूंढ लिया।
क्रिकेट के जुनून में घर से चला गया था बच्चा
मिली जानकारी के मुताबिक टीमों ने उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और अमृतसर तक लगातार छानबीन की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, शेल्टर होम और सोशल मीडिया तक हर प्लेटफॉर्म को खंगाला गया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस को सफलता तब मिली जब नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से इस बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ में जो खुलासा हुआ, उसने सभी को चौंका दिया।
बालक ने बताया कि वो क्रिकेट खेलने के अपने सपने को पूरा करने के लिए घर से निकला था। इस दौरान दिल्ली, मथुरा, वृंदावन, अमृतसर और राजस्थान तक घूम आया। राहत की बात ये रही कि इस पूरे सफर में उसके साथ कोई अनहोनी नहीं हुई। फिलहाल पुलिस ने बच्चे को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। जहां परिवार ने राहत की सांस लेते हुए पुलिस का आभार जताया।