
रुड़की से मानवता को शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है। झबरेड़ा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के साथ चार युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आयाहै। पुलिस अब इस पूरे मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
रूड़की में नाबालिग से दरिंदगी
रुड़की के थाना झबरेड़ा क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता के पिता जो एक गन्ना कोल्हू में मजदूरी करता है उसने पुलिस को दी तहरीर दी है। जिसमें उनकी बेटी के साथ चार लोगों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है।
4 युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
पीड़ित ने तहरीर देकर बताया कि वो गन्ना कोल्हू में मजदूरी करता है। 14 दिसंबर की रात को जब वह कोल्हू पर मजदूरी कर घर लौटा तो बेटी को आवाज लगाई लेकिन बेटी बिस्तर पर नहीं मिली। इसके बाद पुत्री की तलाश करने लगे लेकिन बेटी का कोई पता नहीं चल सका। सुबह के समय चार लोग आए और उसकी बेटी को कार से छोड़कर चले गए।
उस समय उसकी बेटी होशोहवास में नहीं थी। इतना ही नहीं उसकी तबीयत खराब हो गई। इस दौरान जब उसको थोड़ा होश आया तो उसने बताया कि चार लोगों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया है।इसके बाद पीड़ित ने आरोपितों से बात करनी चाही तो उल्टा उन्होंने जान से मारने की धमकी दी है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल का इस पूरे मामले पर कहना है कि हमें मामले की तहरीर प्राप्त हुई है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने क्षेत्र में रोष और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है।

