देशभर के साथ ही उत्तराखंड में भी स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। 75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रेसकोर्स पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। वहीं, उन्होंने कई घोषणाएं भी की। उन्होंने दिवंगत पर्यावरणविद सुंदर लाल बहुगुणा के नाम पर सुंदर लाल बहुगुणा प्रकृति संरक्षण पुरस्कार की घोषणा की। वहीं, उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रख्यात लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी को पद्म पुरस्कार देने की संस्तुति भी कर दी है।
इन्हें दिया पुरस्कार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा से पुलिस उपाधीक्षक पिथौरागढ़ राजेंद्र सिंह रौतेला, 40 वीं वाहिनी पीएसी के भगवती प्रसाद पंत, विशिष्ट कार्य के लिए पुलिस उपाधीक्षक साइबर थाना देहरादून अंकुश मिश्रा और एसटीएफ के एसआई उमेश कुमार को पुरस्कृत किया। इसके अलावा खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया, अनिरुद्ध थापा, निवेदिता और खेल प्रशिक्षक के रूप में अनूप बिष्ट को पुरस्कृत किया। वंदना के कार्यक्रम स्थल पर मौजूद ना होने पर उनका पुरस्कार उनके भाई सौरभ कटारिया को दिया गया।
सीएम पुष्कर सिंह धामी की घोषणा
-भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोहरकांत ध्यानी की अध्यक्षता में कमेठी करेगी देवस्थानम बोर्ड को लेकर रिपोर्ट तैयार। साथ ही तीर्थ पुरोहितों से भी कमेठी करेगी विचार।
-जनसंख्या नियंत्रण पर बनेगा प्रभावी कानून। उपसमिति बनाकर इस विषय पर लिए जाएंगे सुझाव।
-स्व सुंदरलाल बहुगुणा स्मृति पुरस्कार दिया जाएगा।
-अतिथि शिक्षकों का वेतन 15 हजार से बढ़ाकर 25 हजार किया गया।
-इज ऑफ डूइंग बिजनेस की शुरुआत हुई।
-बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ स्लोगन के तहत महालक्ष्मी किट योजना शुरू की।
-स्पोर्ट कॉलेज रायपुर को खेल एवं शारिरिक शिक्षा का विश्वविद्यालय बनाया जाएगा।