अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा स्थित जंगल में एक तेंदुए ने अचानक वन विभाग के कर्मचारी पर हमला बोल दिया। लेकिन बहादुर युवक ने घबराने के बजाय तेंदुए का डटकर सामना किया। वो भी ऐसा कि तेंदुए के छक्के छूट गए। जानकारी के अनुसार, वज्यूला-भोलाथाल गढ़खेत रेंज में बीती शाम साढ़े सात बजे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कुलदीप अपने कमरे से बाहर घूम रहे थे जहाँ पर तेंदुए ने हमला बोल दिया। कुलदीप ने बहादुरी का परिचय देते हुए तेंदुए का डटकर मुकाबला किया। लेकिन भिड़त के दौरान कुलदीप की जांघ व हाथ में तेंदुए के नाखून व दांत के गहरे घाव हो गए। कुलदीप और तेंदुए की भिडंत में तेंदुए की दहाड़ व कुलदीप की चीत्कार सुन लगभग पचास मीटर दूरी पर अपने कमरे में रह रहे एक अन्य वन्यकर्मी दीवान राम ने वहां पहुंचकर कुलदीप की मदद से तेंदुए को भगाया। कुलदीप घायल है और उसका इलाज चल रहा है। उधर, वन विभाग की टीम ने तेंदुए की खोजबीन शुरू कर दी है, जल्दी ही तेंदुए के पकडे जाने की सम्भावना है।