पूरे देश और निर्भया के परिवार का सात साल का इंतजार आखिर खत्म हुआ और आज सुबह निर्भया के साथ गैंगरेप के चारों दोषियों को फांसी पर लटका दिया गया। पवन जल्लाद ने सुबह ठीक 5:30 बजे चारों दोषियों, मुकेश सिंह, अक्षय ठाकुर, पवन गुप्ता और विनय शर्मा, को फांसी पर लटका दिया।
इस दौरान तिहाड़ जेल प्रशासन के कुछ अधिकारी और डॉक्टर मौके पर मौजूद रहे। तिहाड़ में पहली बार एक साथ चार दोषियों को फांसी दी गई है।निर्भया की मां ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह सालों के संघर्ष का नतीजा है। पहली बार चार दोषियों को एक साथ फांसी पर लटकाया गया। आज के दिन निर्भया को इंसाफ मिला है। यह महिलाओं और बच्चियों का दिन है। आखिरकार देर से ही सही, हमें न्याय मिला। मैं इसके लिए हमारी न्यायपालिका और सरकारों समेत हर किसी का धन्यवाद करती हूं। दोषियों ने जितनी तेजी से याचिकाएं डाली, अदालतों ने उसी हिसाब से सक्रियता दिखाई।”