देहरादून- देहरादून के थाना सहसपुर अंतर्गत हरिपुर सेलाकुई में मकान बनाने वाले ठेकेदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव पंखे से लटका मिला। मूल रूप से नार्थ दिल्ली निवासी मनोज कुमार सेलाकुई के हरिपुर में किराये पर रहकर मकान बनाने की ठेकेदारी करता था। रोजाना की तरह काम खत्म कर मनोज कुमार हरिपुर में अपने सेलाकुई स्थित कमरे में चला गया। सुबह मजदूर मनोज के कमरे पर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। काफी खटखटाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई आवाज न आई। इस पर अनहोनी की आशंका के चलते मजदूरों ने दरवाजा तोड़ दिया। कमरे में मनोज का शव पंखे पर शाल के फंदे पर लटका हुआ था। मजदूरों की सूचना पर चौकी इंचार्ज सेलाकुई नरेंद्र पुरी मय पुलिस बल के मौके पर पहुंचे। तब तक मजदूर शव को नीचे उतार चुके थे। प्रभारी निरीक्षक सहसपुर राजीव रौथाण के अनुसार कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। इसकी वजह के लिए जांच की जा रही है।



