शैली श्रीवास्तव- देहरादून में कड़े विरोधों के बाद भी हाईकोर्ट के आदेश के बाद अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन, नगर निगम और एमडीडीए का अभियान जारी है। अभियान में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को आराम देने के लिए रविवार को कोई कार्रवाई नहीं हुई। लेकिन, आज से फिर शहर के अलग-अलग इलाकों में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हालकि, सरकार ने अभियान की समय सीमा बढ़ाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने की बात कही है। आपकों बता दें कि 18 जून को हाईकोर्ट ने मुख्य सचिव को चार हफ्ते के अंदर देहरादून शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश दिए थे। आदेश की कॉपी मिलने के बाद से ही अतिक्रमण हटाओ टास्क फोर्स ने 28 जून से अभियान शुरू कर दिया था। रविवार को अभियान में लगे पांच हजार से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को आराम दिया गया। अभी तक टास्क फोर्स 4100 अतिक्रमण चिह्नित कर चुकी है। वहीं, 1490 अतिक्रमण ध्वस्त किए जा चुके हैं। इसके अलावा 88 भवनों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की जा चुकी है। आज भी शहर के कई हिस्सों में यह अभियान जारी रहेगा। टीम आज नेशविला रोड, राजपुर रोड और प्रेमनगर रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाएगी। इसके अलावा अन्य-अन्य जगहों पर भी अभियान चलाए जाने की संभावना है। वहीं, चिह्नीकरण और सीलिंग की कार्रवाई भी की जाएगी।