

देहरादून। कांग्रेस विधायक मनोज रावत ने मुख्यमंत्री के मुख्य निजी सचिव सुरेश जोशी द्वारा जारी विधानसभाओं की सूची दिखाते हुए कहा था कि मुख्यमंत्री के लिए प्रदेश में केवल 57 विधानसभाएं है। 13 विधानसभाओं का मुख्यमंत्री के लिए कोई महत्व नहीं है। इसीलिए उन्होंने केवल भाजपा विधायकों की विधानसभाओं की समीक्षा का ही कार्यक्रम बनाया है।

दूसरी ओर उत्तराखंड सरकार पर यूकेडी ने मानसिक दीवालियेपन का आरोप मढ़ा है। इस संदर्भ में पत्रकारों से वार्ता करते हुए यूकेडी के नेताओं का कहना है कि केवल 57 विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा करना अन्य विधायकों का अपमान है। यह उन क्षेत्रों के प्रति सौतेलापन भी है। वृहस्पतिवार को प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता करते हुए यूकेडी के केंद्रीय महामंत्री जय प्रकाश उपाध्याय का कहना था कि प्रदेश सरकार संकीर्ण मानसिकता से काम कर रही है। प्रदेश की जनता यह सोचने पर विवश है कि यह सरकार प्रदेश की सरकार है भाजपा की सरकार है।
जय प्रकाश उपाध्याय का कहना है कि शिक्षिका प्रकरण तथा धुमाकोट दुर्घटना से प्रदेश सरकार की किरकिरी हुई है, लेकिन मुख्यमंत्री अभी भी नहीं सुधर रहे हैं। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री समेत कई नेता उपस्थित थे।