उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के सदर विधायक और बाहुबली मुख्तार अंसारी के परिजनों की मुश्किलें कम नहीं हो रही है। गाजीपुर में जिला प्रशासन को जांच में गजल होटल के लिए भूखंडों की खरीद एवं बिक्री में अनियमितता सामने आई थी। इसके बाद मुख्तार अंसारी की पत्नी एवं दो पुत्रों समेत 12 लोगों पर रविवार देर शाम संगीन धाराओं में नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। जिला और पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार की जा रही कार्रवाई से समर्थकों में हड़कंप है।
शासन की ओर से मऊ विधायक पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। परिवार के सदस्यों समेत सहयोगियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। सदर एसडीएम प्रभाष कुमार ने बताया कि तहसील सदर के राजस्व ग्राम मुहम्मदपुर पट्टी में निर्मित गजल होटल की जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया कि उपरोक्त भूखंडों की खरीद एवं बिक्री में अनियमितता की गई है।
