Home राज्य उत्तराखण्ड चंपावत में अब वैज्ञानिक तरीके से होगा कूड़ा निस्तारण, ट्रॉमेल मशीन से...

चंपावत में अब वैज्ञानिक तरीके से होगा कूड़ा निस्तारण, ट्रॉमेल मशीन से खत्म होगा वर्षों पुराना लेगेसी वेस्ट

0

चंपावत : नगर क्षेत्र को स्वच्छ, व्यवस्थित और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम बढ़ाया है। नगर पालिका परिषद चम्पावत द्वारा संचालित ठोस अपशिष्ट निस्तारण स्थल और मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने वर्षों से जमा लेगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण हेतु प्रस्तावित ट्रॉमेल मशीन को जल्द संचालित करने के निर्देश दिए।

चंपावत में अब वैज्ञानिक तरीके से होगा कूड़ा निस्तारण

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निस्तारण स्थल पर चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिशासी अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि ट्रॉमेल मशीन के संचालन से जुड़ी सभी तैयारियां तेजी से पूरी की जाएं, ताकि लंबे समय से जमा पुराने कूड़े के निष्पादन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक तकनीक के जरिए कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।

ट्रॉमेल मशीन से खत्म होगा वर्षों पुराना लेगेसी वेस्ट

डीएम ने निस्तारण स्थल की भौगोलिक एवं पर्यावरणीय उपयुक्तता का गंभीरता से आकलन करते हुए हाइड्रोलॉजिस्ट एवं जियोलॉजिस्ट से विस्तृत सर्वे कराने के निर्देश भी दिए। उनका कहना था कि भविष्य में किसी भी पर्यावरणीय प्रभाव या भू-वैज्ञानिक खतरे से बचाव के लिए विशेषज्ञों की रिपोर्ट बेहद जरूरी है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र में संचालित सूखे कूड़े के पृथकीकरण कार्यों का अवलोकन किया और कूड़ा संग्रहण से लेकर पृथक्करण एवं वैज्ञानिक निस्तारण तक की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली।

कर्मचारियों की सुरक्षा को दें प्राथमिकता – डीएम 

नगर पालिका परिषद चम्पावत के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी ने नगर क्षेत्र में संचालित अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली, दैनिक कूड़ा निस्तारण व्यवस्था और संसाधनों के पुनर्चक्रण से जुड़े कार्यों की विस्तृत जानकारी जिलाधिकारी को दी। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि नगर क्षेत्र में प्रतिदिन होने वाले कूड़ा संग्रहण एवं निस्तारण की नियमित और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही सफाई कार्यों में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ग्लव्स, मास्क, बूट सहित सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण नियमित रूप से उपलब्ध कराए जाएं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here