देहरादून- राजधानी देहरादून में मदद करने के बाद एटीएम बदलकर ठग ने खाते से दो लाख रुपये से अधिक की धनराशि साफ कर दी। जानकारी होने पर पीड़ित ने थाना प्रेमनगर में तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रेमनगर के थाना प्रभारी दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि जम्मू कश्मीर निवासी बीएसएनएल कर्मी है। उसकी बेटी यहां बीएफटीआइ कॉलेज में पढ़ती है। तहरीर में पीड़ित ने बताया कि 21 अगस्त 2018 को वह बेटी की फीस जमा कराने के लिए देहरादून आया था। इसी दौरान वह सुद्धोवाला में पीएनबी एटीएम में पैसे निकालने गया। पैसे निकलने में कुछ दिक्कत आने पर बाहर खड़े एक युवक ने उसकी मदद करने को कहा और एटीएम लेकर पैसे निकाकर दिए। जिसके बाद वह अपना एटीएम लेकर वहां से चला गया। पीड़ित के मुताबिक, जम्मू जाकर जब उसने पैसे निकालने की कोशिश की तों पैसे नहीं निकले। इसके बाद उसने अपना एटीएम चेक किया, तो उनका एटीएम बदला हुआ था। बैंक जाकर उसे पता चला कि उसके खाते से 2,00,855 रुपये देहरादून के विभिन्न एटीएम से निकाल लिए गए हैं। उसके बाद पीड़ित ने दून पहुंचकर थाना प्रेमनगर में तहरीर दी। वहीं तहरीर के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जहां सुद्धोवाला एटीएम से रुपये निकाले थें, उसका सीसीटीवी फुटेज चेक किया जा रहा है।