रूड़की- संरक्षित प्रजाति के कछुओं की तस्करी कर रहे तीन तस्करों को पुलिस ने आज चैकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार आज सुबह गंगनहर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि संरक्षित प्रजाति के कछुवों के तस्कर क्षेत्र में आने वाले है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने सभी चैकनाकों पर चैकिंग अभियान चला दिया। चैकिंग के दौरान पुलिस को एक इंडिगों कार(यूपी11एके-4581) आती हुई दिखायी दी। पुलिस ने जब उसे रूकने का इशारा किया तो कार चालक कार मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। इस पर उसे घेराबन्दी कर दबोचा गया। कार सवार तीन लोगों को हिरासत में लेते हुए पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसमें से संरक्षित प्रजाति के दो कछुए बरामद किये। कोतवाली लाकर की गयी पूछताछ में उन्होने अपना नाम राजीव उर्फ राजू पुत्र राजाराम निवासी बिजनौर, मोहर्रम अली पुत्र मकसूद वाजिद पुत्र नबी बक्श निवासी लक्सर हरिद्वार बताया। पुलिस ने उन्हे वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।



